किसानों के लिए खुशखबरी है। केंद्र सरकार की ओर से रबी सीजन के लिए फॉस्फेटिक और पोटाशिक उर्वरकों पर पोषक तत्व आधारित सब्सिडी (NBS) योजना को मंजूरी दी है। इससे किसानों को सस्ती दरों पर डीएपी और एनपीके उर्वरक मिलेंगे। सरकार ने यह निर्णय ऐसे समय में लिया है जिस समय कई राज्यों में किसान खाद न मिलने की समस्या से जूझ रहे हैं और ऊंचे दामों पर खाद खरीदने को मजबूर हैं। हालांकि सरकार की ओर से इस पर कार्रवाई की जा रही है और ऐसे दुकानदारों के लाइसेंस भी निरस्त किए गए हैं।
रबी सीजन के लिए कितनी मंजूर की गई है खाद सब्सिडी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने रबी सीजन 2025-26 (1 अक्टूबर 2025 से लेकर 31 मार्च 2026 तक) के लिए फॉस्फेटिक और पोटाशिक (पीएंडके) उर्वरकों पर पोषक तत्व आधारित सब्सिडी (NBS) दरें तय करने के उर्वरक विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। रबी सीजन 2025-26 के लिए अनुमानित बजटीय आवश्यकता करीब 37,952.29 करोड़ रुपए होगी। यह खरीफ सीजन 2025 की बजटीय आवश्यकता से करीब 736 करोड़ रुपए अधिक है।
कब तक लागू रहेगी यह व्यवस्था
डाई अमोनियम फॉस्फेट (डीएपी) और एनपीकेएस (नाइट्रोजन, फास्फोरस, पोटाश, सल्फर) ग्रेड सहित पीएंडके उर्वरकों पर सब्सिडी रबी 2025-26 सीजन (1 अक्टूबर 2025 से 31 मार्च 2026 तक लागू) के लिए अनुमोदित दरों के आधार पर प्रदान की जाएगी ताकि किसानों को सस्ती कीमतों पर इन उर्वरकों की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
पोषक तत्व आधारित सब्सिडी से किसानों को क्या होगा फायदा
सरकार की ओर से दी जाने वाली पोषक तत्व आधारित सब्सिडी से किसानों को सब्सिडी युक्त, किफायती और उचित मूल्य पर उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। वहीं उर्वरकों और आदानों की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में हाल के रुझान को देखते हुए पी एंड के उर्वरकों पर सब्सिडी को सरल बनाया गया है।
किसानों मिल रहे हैं सब्सिडी वाले डीएपी और फॉस्फेटिक उर्वरक
सरकार की ओर से उर्वरक निर्माताओं/आयातकों के माध्यम से किसानों को सब्सिडी वाले मूल्यों पर डीएपी सहित फॉस्फेटिक और पोटाशिक उर्वरकों के 28 ग्रेड उपलब्ध कराया जा रहा है। 1 अप्रैल 2010 से फॉस्फेटिक और पोटाशिक उर्वरकों पर सब्सिडी, “पोषक तत्व आधारित सब्सिडी (एनबीएस) योजना” के तहत दी जाती है।
डीएपी और फॉस्फेटिक उर्वरक (पोषक तत्वों) पर पिछले सीजन के मुकाबले कितनी बढ़ोतरी
| पोषक तत्व (Nutrient) |
नई सब्सिडी दर (₹/किग्रा) |
पिछली सब्सिडी दर (खरीफ 2025) |
अंतर |
| नाइट्रोजन (N) |
43.02 |
43.02 |
यथावत |
| फॉस्फोरस (P) |
47.96 |
43.60 |
+4.36 |
| पोटैशियम (K) |
2.38 |
2.38 |
यथावत |
| सल्फर (S) |
2.87 |
1.77 |
+1.10 |
नई रबी सीजन सब्सिडी एक नजर में
- रबी सीजन 2025-26 के लिए 37,952.29 करोड़ रुपए पोषक तत्व सब्सिडी मंजूर की गई है।
- यह सब्सिडी रबी सीजन 1 अक्टूबर 2025 से 31 मार्च 2026 तक लागू रहेगी।
- यह खरीफ सीजन 2025 की बजटीय आवश्यकता से करीब 736 करोड़ रुपए ज्यादा है।
- यह सब्सिडी डाई अमोनियम फॉस्फेट (डीएपी) और एनपीकेएस (नाइट्रोजन, फास्फोरस, पोटाश, सल्फर) ग्रेड सहित पीएंडके उर्वरकों पर लागू होगी।
- सब्सिडी मिलने से किसानों को रबी सीजन में भी सब्सिडी वाला उर्वरक मिलता रहेगा।